रायपुर : कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU) में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। बस्तर क्षेत्र से पहुंचे छात्रों ने विश्वविद्यालय की मीडिया लैब और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुलपति प्रो. मनोज दयाल से मुलाकात कर पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र से जुड़े सवालों पर चर्चा की।

छात्रों को मिली पत्रकारिता की व्यावहारिक जानकारी

कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज में बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने छात्रों से अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने और समाचार पत्र, टीवी, रेडियो और डिजिटल मीडिया के कामकाज को समझने के लिए नियमित अध्ययन करने की बात कही।

टीवी स्टूडियो से रेडियो स्टेशन तक का किया अवलोकन

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया रिसर्च लैब की जानकारी भी ली।

महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में पहुंचे छात्रों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 FM’ में अपने संदेश रिकॉर्ड किए। इसके अलावा विद्यार्थियों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन और जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों से बातचीत की।

मीडिया की पढ़ाई के साथ रिसर्च और क्रिएटिव गतिविधियों की जानकारी

छात्रों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न रचनात्मक क्लबों और शोध पीठों की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। विभागीय प्राध्यापकों ने उन्हें मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से भी विद्यार्थियों ने संवाद किया। छात्रों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को पत्रकारिता की पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने वाला उपयोगी और प्रेरणादायक अवसर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *