नगरीय प्रशासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा- नागरिक सेवाओं में देरी बर्दाश्त नहीं रायपुर, दीपावली से पहले भिलाई शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने के लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि नागरिकों को समय पर सेवाएं मिलनी चाहिए और शिकायतों के निराकरण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को रोज सुबह फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रोज सुबह फील्ड में उतरेंगे अधिकारी

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में भिलाई नगर निगम के लंबित कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने क्षेत्रों में सफाई, निर्माण कार्यों और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें और कमियों के साथ कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करें, ताकि समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

शहर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बोरा ने सभी जोन कमिश्नरों को दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन और प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना एवं संचालन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

अधूरे निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश

15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने और नियमित निगरानी के जरिए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरे कराने को कहा।

आवास योजना में सभी वर्गों की जरूरतों का ध्यान

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की जरूरतों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास बनाने के निर्देश दिए गए। पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने और ई-बस सेवा योजना शुरू करने की तैयारियों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।

जल संरक्षण और राजस्व वसूली की होगी निगरानी

बैठक में जल प्रदाय, मिशन अमृत, तालाबों के रखरखाव और जल स्रोतों के संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिलों और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा कर राजस्व संग्रहण बढ़ाने को कहा गया। ऑनलाइन नागरिक सेवाओं और ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

निदान-1100 की शिकायतों का समय पर हो समाधान

निदान-1100 के माध्यम से मिलने वाली नागरिक शिकायतों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने को कहा गया। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, भिलाई नगर निगम की आयुक्त सुरुचि सिंह सहित विभागीय अधिकारी, अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *