धमतरी : धमतरी जिले के ग्राम मोंगरागहन में आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में 641 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच और उपचार का लाभ लिया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अलग-अलग बीमारियों की जांच कर मरीजों को परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। नेत्र जांच कराने पहुंचे लोगों में से 51 जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा के नेतृत्व में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि गांवों में ऐसे शिविर आयोजित होने से लोगों को अपने नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलती हैं और बीमारियों की समय पर पहचान व उपचार में मदद मिलती है।

कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत 220 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा नेत्र रोग के 120, दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 और शिशु रोग के 50 मरीजों की जांच की गई। डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार जरूरी सलाह भी दी।

ग्रामीणों को जांच के लिए दूसरी जगह न जाना पड़े, इसके लिए शिविर स्थल पर ही पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसमें 109 लोगों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप और 10 लोगों की वीडीआरएल जांच की गई। सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार और देखभाल के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही 315 लोगों का ब्लड प्रेशर भी जांचा गया।

टीबी मुक्त पंचायतों और मितानिनों का सम्मान

स्वास्थ्य शिविर के दौरान टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायत मोंगरागहन और अरौद डूबान के सरपंचों को महात्मा गांधी की प्रतीक प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए छह मितानिनों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा दो टीबी मरीजों को पोषण आहार किट और पांच ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, टीबी जैसी बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर उपचार लेने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से शिविर का संचालन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *