रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की ओर से भव्य एयर-शो का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के अद्भुत शौर्य, साहस और हवाई कौशल का रोमांचकारी प्रदर्शन देखा। एयर-शो में विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने शानदार प्रदर्शन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, रोमांचकारी हवाई करतबों और आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम का यह प्रदर्शन प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के कठिन प्रशिक्षण, समर्पण, उत्कृष्ट क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचायक है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने सारंग टीम को अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के रोमांचकारी प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने साहस और विशेष ऑपरेशन की दक्षता का प्रदर्शन किया। कमांडोज ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर जवानों ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की झलक दिखाई। उनकी त्वरित कार्रवाई, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की क्षमता ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक से बढ़कर एक आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के बीच बेहद नजदीक से किए गए रोमांचकारी क्रॉसओवर ने दर्शकों की सांसें थाम दीं। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक साथ आकर्षक संरचना में उड़ान भरते नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान के बाद दोबारा सटीक फॉर्मेशन में आ गए। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। हेलीकॉप्टरों के शानदार तालमेल और तिरंगे के रंगों की आकर्षक छटा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ा चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित इस भव्य एयर-शो ने प्रदेशवासियों के लिए यादगार पल सृजित किए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की प्रस्तुतियों ने स्थापना दिवस के उत्सव को और भव्य बना दिया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *