छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को राज्य सरकार प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। खेती को अधिक लाभकारी बनाने के साथ विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज की मांगों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दो सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए कुल 80 लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में 30 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और नगर पंचायत पुसौर में 50 लाख रुपये की लागत से कोलता समाज का मंगल भवन बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने मां रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
नुआखाई कृषि संस्कृति और नई फसल का पर्व
मुख्यमंत्री ने कोलता समाज सहित प्रदेशवासियों को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नई फसल के स्वागत, किसानों के परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। ऐसे त्योहार नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति में किसानों की अहम भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती की लागत कम हो और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन बढ़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायगढ़ अंचल के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य शुरू किया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलने और खेती को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को मिल रहे पक्के घर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पक्का घर परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार देता है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।
शिकायतों के समाधान के लिए डिजिटल व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा राज्य सरकार की कार्यसंस्कृति का हिस्सा हैं। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। सरकार तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं के माध्यम से प्रशासन को अधिक सुलभ बनाने तथा आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। अब बस्तर सहित राज्य के सभी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वालों और प्रभावित परिवारों को पुनर्वास तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से आगे बढ़ता छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि की नई पहचान बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
विद्यार्थियों को सम्मानित कर आगे बढ़ने का संदेश
समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कोलता समाज को नुआखाई की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज अपनी ईमानदारी, परिश्रम, संस्कार और गौरवशाली परंपराओं के लिए पहचाना जाता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा भी की।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान किया। वहीं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और समाज के कमजोर वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान के साथ नुआखाई की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।