रायपुर : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की आवासीय कॉलोनियों में अब पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए मंडल ने इसकी शुरुआत अंबिकापुर के सरगवां स्थित अटल विहार योजना से की।
पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में नवनिर्मित बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का भी लोकार्पण किया।
‘माँ के सम्मान के साथ प्रकृति की जिम्मेदारी भी’
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधा लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसे बड़ा होने तक उसकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभियान के तहत अब तक सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। मंत्री ने कहा कि सरगवां की कॉलोनी में बाउंड्रीवाल की लंबे समय से मांग थी, जिसे गृह निर्माण मंडल की पहल से पूरा किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष इसी अभियान के तहत कॉलोनी में पौधरोपण किया गया था। कॉलोनीवासियों द्वारा पौधों की देखभाल किए जाने के कारण अब कई पौधे बड़े होकर वृक्ष का रूप ले चुके हैं।
प्रदेश की दूसरी हाउसिंग कॉलोनियों में भी होगा अभियान
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि अंबिकापुर से शुरू हुआ यह अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। मंडल का लक्ष्य अपनी आवासीय योजनाओं में हरित क्षेत्र बढ़ाकर कॉलोनियों को स्वच्छ, सुंदर, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
9.70 एकड़ में विकसित हुई अटल विहार योजना
सरगवां की अटल विहार योजना में गृह निर्माण मंडल ने 9.70 एकड़ भूमि पर लगभग 38.59 करोड़ रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण और विकास कराया है।
योजना में 14 HIG, 12 Senior MIG, 40 Junior MIG, 63 LIG और 122 EWS भवन शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल और WMM सड़क सहित अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।
बाउंड्रीवाल और ओपन जिम के लोकार्पण के बाद कॉलोनीवासियों को बेहतर आवासीय माहौल के साथ अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी।
बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण का संदेश
कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ पेड़ों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। इस दौरान अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, भारत सिंह सिसोदिया, अखिलेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और मंडल के अधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।