रायपुर : छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी जरूरी जानकारी अब एक ही जगह ऑनलाइन उपलब्ध होगी। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के नए वेब पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।
नए पोर्टल का उद्देश्य निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी जानकारी को छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध कराना है। अब अलग-अलग विश्वविद्यालयों की वेबसाइट या कार्यालय से जानकारी जुटाने के बजाय कई महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकेंगी।
कोर्स से लेकर परीक्षा परिणाम तक की जानकारी
पोर्टल पर निजी विश्वविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों, अकादमिक कैलेंडर और प्रवेशित विद्यार्थियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
छात्रों और अभिभावकों के लिए फीस से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध होगी। इसके साथ विश्वविद्यालय में कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों और उनके सदस्यों तथा Ph.D. शोध निर्देशकों की जानकारी भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
NEP, नैक और प्लेसमेंट की भी जानकारी
नए पोर्टल पर विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी कई अन्य जानकारियां भी साझा की जाएंगी। इनमें NEP-2020, NAAC accreditation, दूसरे विश्वविद्यालयों के साथ MoU, skill development, innovation और startup programmes शामिल हैं।
इसके अलावा जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं की जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। इससे विद्यार्थी किसी निजी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और करियर से जुड़ी गतिविधियों के बारे में एक ही जगह जानकारी हासिल कर सकेंगे।
शिक्षकों के पद और शैक्षणिक मंजूरी की जानकारी भी ऑनलाइन
पोर्टल पर विश्वविद्यालयों को मिली शैक्षणिक स्वीकृतियों के साथ स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।
आयोग के इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होने के साथ उनकी निगरानी को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे छात्रों और अभिभावकों को विश्वविद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने के लिए अलग-अलग जगहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।