रायपुर, बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने तिल्दा विकासखंड के ग्राम पंचायत टंडवा के बैकुंठ मोहल्ले में 11.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। कार्यक्रम में ग्रामीणों और हितग्राहियों को संबोधित करते हुए उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा और संकल्प महाअभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और जनधन योजना जैसी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप गांवों में पारदर्शी और सुगम राशन वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

नवनिर्मित पीडीएस भवन के लोकार्पण पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए मंत्री ने कहा कि पहले राशन लेने के लिए ग्रामीणों को दूर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और श्रम खर्च होता था। अब गांव में ही नए भवन के तैयार होने से राशनकार्डधारियों को सुविधा मिलेगी और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था अधिक सुलभ होगी। उन्होंने इस निर्माण कार्य के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिजली, पानी, राशन, शिक्षा और पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। इसी दिशा में टंडवा ग्राम पंचायत में 420 नए प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि इन आवासों के निर्माण से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि अब तक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और गांवों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्कूलों के जीर्णोद्धार और अधोसंरचना विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत टंडवा की सरपंच योगिता कृष्ण कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *