कार्टून फेस्टिवल-2026 में हुए शामिल, कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। इसके जरिए गंभीर विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से सरलता से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में व्यक्त करना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सहजता से बयां कर देता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और साहित्य समाज की चेतना के वाहक हैं। कार्टून कला में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चरित्र आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं की पहचान बन गया। उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी रचनात्मकता और मौलिकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

कार्टून फेस्टिवल के दौरान जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के नए अवसर मिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का विशिष्ट माध्यम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कलाकारों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

कार्टून वॉच के 30 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा तथा पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून कला को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। पत्रिका ने देशभर के स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया है। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यंग्य के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को सहजता से प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में हिमांशु द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *