रायपुर : तस्वीरें सिर्फ किसी पल को कैमरे में कैद नहीं करतीं, बल्कि कई साल पुरानी यादों को भी फिर से सामने ले आती हैं। रायपुर प्रेस क्लब के पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कुछ ऐसी ही यादों से रूबरू हुए।
विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर आयोजित इस फेस्ट में मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उनके सार्वजनिक जीवन के साथ-साथ गांव और खेती-किसानी से जुड़ी पुरानी तस्वीरें भी शामिल थीं।
पहली बार विधायक बनने की तस्वीर देखकर सुनाया किस्सा
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री की पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर भी लगी थी। तस्वीर देखकर उन्होंने उस दौर की यादें साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार विधायक बनने के समय उन्होंने खास तौर पर सफारी सूट सिलवाया था।
पुरानी तस्वीरों को देखकर मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों से कई संस्मरण साझा किए। इससे कार्यक्रम का माहौल काफी सहज और आत्मीय नजर आया।
हल चलाते हुए तस्वीर ने याद दिलाए खेती के दिन
मुख्यमंत्री साय की ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहीं। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने गांव और खेत-खलिहान से जुड़े पुराने दिनों को याद किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी और खेती के दिनों से जोड़ देती हैं। मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारों के साथ ग्रामीण जीवन से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
जब मुख्यमंत्री ने खुद थामा कैमरा
फेस्ट का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब मुख्यमंत्री ने खुद कैमरा हाथ में ले लिया। उन्होंने एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींची।
आमतौर पर जिन फोटो पत्रकारों के कैमरे मुख्यमंत्री की तस्वीरें कैद करते हैं, इस बार उन्हीं में से एक फोटो पत्रकार कैमरे के सामने था और मुख्यमंत्री कैमरे के पीछे। इस सहज पल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
बोले- कई बार तस्वीर बिना शब्दों के कह देती है पूरी कहानी
मुख्यमंत्री साय ने फोटो पत्रकारिता की तारीफ करते हुए कहा कि तस्वीरें सिर्फ किसी घटना को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं। वे समय, समाज और महत्वपूर्ण घटनाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का काम करती हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार एक तस्वीर बिना किसी शब्द के पूरी कहानी कह देती है। फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण पलों को कैमरे में कैद करते हैं।
प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार की तस्वीरें बनीं आकर्षण
19 अगस्त से आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं।
प्रदर्शनी में प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा, समाचार और जनसरोकार जैसे विषयों पर तस्वीरें शामिल रहीं। इन तस्वीरों के जरिए छत्तीसगढ़ के सामाजिक जीवन, संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश की अलग-अलग झलक देखने को मिली।
पांच दिनों तक चली प्रदर्शनी में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी में रुचि रखने वाले लोगों और आम नागरिकों ने तस्वीरों को देखा।
मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम फोटो पत्रकारिता और फोटोग्राफी को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के काम को समझने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समापन कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ फोटो पत्रकार, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।