रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम, कोरिया जिले के पांच प्रतिशत जल संरक्षण मॉडल और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। इन प्रयासों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, खेल प्रतिभाओं और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, ‘वोकल फॉर लोकल’, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश दिया है। यह कार्यक्रम लोगों को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका है। इसके लिए जनभागीदारी, नवाचार और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।