रायगढ़ : सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शुरू की गई अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय, रायगढ़ में संचालित इस लैब में बीते दो महीनों के दौरान 6 हजार 44 मरीजों ने जांच कराई, जबकि इस दौरान कुल 25 हजार 835 जांचें पूरी की गईं।
अटल आरोग्य लैब में मरीजों को 134 प्रकार की चिकित्सा जांच मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है। जरूरी जांच के लिए अब मरीजों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करने और अतिरिक्त खर्च उठाने की जरूरत कम हुई है।
एक ही जगह कई जरूरी जांच की सुविधा
जिला चिकित्सालय में शुरू की गई इस लैब का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और भरोसेमंद जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रायगढ़ के अलावा ग्रामीण और दूरदराज इलाकों से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीज भी इसका लाभ उठा रहे हैं।
जांच की सुविधा अस्पताल में ही मिलने से मरीजों को जांच के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिल रही है। इससे इलाज की प्रक्रिया भी आसान और तेज हुई है।
डिजिटल रिपोर्ट से मरीजों का समय बचा
अटल आरोग्य लैब में जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ती। वहीं चिकित्सकों को समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से मरीजों के उपचार में भी तेजी आती है।
मुफ्त जांच के साथ डिजिटल रिपोर्ट की सुविधा मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत कर रही है। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को एक ही स्थान पर जांच और उपचार की बेहतर सुविधा मिल रही है।
अटल आरोग्य लैब की बढ़ती उपयोगिता इस बात का संकेत है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।