17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’
बलरामपुर जिले में आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए खास पहल शुरू होने जा रही है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान जनभागीदारी से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौने जुटाए जाएंगे। अभियान का मकसद आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए ज्यादा आकर्षक और सीखने के अनुकूल बनाना है। खिलौनों के जरिए बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा।
घर में रखे पुराने खिलौने भी आएंगे काम
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि घर में रखे ऐसे साफ, सुरक्षित और उपयोगी खिलौने, जिनका अब इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में दान किया जा सकता है। इच्छुक लोग अपनी सुविधा के अनुसार नए खिलौने भी उपलब्ध करा सकते हैं।
अभियान में आम नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल हो सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि छोटे-से सहयोग से बच्चों के सीखने और खेलने के माहौल को बेहतर बनाया जा सकता है।
खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे
आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों की पहली पाठशाला माना जाता है। यहां खिलौनों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, भाषा और सामाजिक व्यवहार से जुड़े कौशल को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।
‘आंगन मिलन सेवा’ को सिर्फ खिलौना दान तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके जरिए बच्चों के प्रति समाज में जिम्मेदारी और अपनत्व की भावना बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।