मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा ओलंपिक के समापन पर की घोषणा, 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन रायपुर। सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संभाग में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन अकादमियों के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच बन रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए 4 लाख 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया, जबकि पिछले संस्करण में यह संख्या करीब साढ़े तीन लाख थी। प्रतियोगिता में बालिकाओं की भागीदारी भी उत्साहजनक रही। तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान कर रही है। नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने भी खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, अनुराग सिंहदेव, रामसेवक पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *