मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक पुल और दो विद्युत उपकेंद्रों का किया लोकार्पण, चार नए पुलों का भूमिपूजन रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले को 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने एक उच्चस्तरीय पुल और दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। साथ ही चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से जिले के 29 हजार से अधिक ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। पुलों के निर्माण से बरसात के दौरान आवागमन की परेशानी दूर होगी और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में आसानी होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6.55 करोड़ रुपये की लागत से बने 120 मीटर लंबे पुल का लोकार्पण किया। इससे आसपास के 10 गांवों के करीब 7,471 लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं, 22.77 करोड़ रुपये की लागत से रेंगारघाट-कुड़केला, बोड़ाकछार-चटकपुर, बसेनताला-चटकपुर और ठेठेटांगर-चोंगरीबहार मार्ग पर चार नए उच्चस्तरीय पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम काईकछार और बालाछापर में 4.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इनके शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ खेती-किसानी और छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। सड़क, पुल और बेहतर बिजली व्यवस्था ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती है। इस दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *