राज्यपाल ने एम्स रायपुर में आईआरआईए के 16वें वार्षिक सम्मेलन का किया शुभारंभ, एआई के संतुलित उपयोग पर दिया जोर
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) रोगों की पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन ये चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का विकल्प नहीं हो सकतीं। चिकित्सा सेवा में तकनीक के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और मानवीय स्पर्श भी जरूरी है। वे शनिवार को एम्स रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) छत्तीसगढ़ के 16वें वार्षिक सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे के आविष्कार से चिकित्सा विज्ञान को नई दिशा मिली। आज रेडियोलॉजी का क्षेत्र एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और आधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुका है। इन तकनीकों ने बीमारियों की पहचान और उपचार को अधिक प्रभावी बनाया है। हालांकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरणों के उपयोग में चिकित्सकों का अनुभव और कौशल सर्वोपरि रहना चाहिए।
मरीजों के साथ संवाद और भरोसा जरूरी
डेका ने कहा कि मरीजों का शारीरिक परीक्षण, उनसे संवाद और संवेदनशील व्यवहार सटीक निदान के लिए बेहद जरूरी है। चिकित्सक का व्यवहार मरीज के मन में भरोसा पैदा करता है। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट तथा एआई आधारित तकनीकों के उपयोग को भी महत्वपूर्ण बताया। इससे जरूरतमंद लोगों तक समय पर चिकित्सा परामर्श और उपचार पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
मानसिक स्वास्थ्य और डिजिटल लत पर जताई चिंता
राज्यपाल ने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता जताते हुए तकनीक के संतुलित उपयोग और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करना और जरूरत पड़ने पर समय पर परामर्श लेना जरूरी है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना भी महत्वपूर्ण हैं।
सम्मेलन में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, IRIA अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट, वरिष्ठ चिकित्सक और रेजिडेंट डॉक्टर शामिल हुए। सम्मेलन में रेडियोलॉजी और मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं प्रगति पर चर्चा की जा रही है।