33 जिलों के प्रतिभागी लोककला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा का करेंगे प्रदर्शन, बिलासपुर में तैयारियां तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 4 और 5 दिसंबर को बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के सभी 33 जिलों से करीब 3 हजार युवा हिस्सा लेंगे। उद्घाटन और समापन समारोह आउटडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, अतिथियों और कलाकारों के लिए ग्रीन रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही सभी तैयारियां 30 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए।
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या, रॉक बैंड और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत पीपीटी प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अलग-अलग गतिविधियों के लिए आउटडोर और इंडोर स्टेडियम सहित परिसर के विभिन्न स्थान निर्धारित किए गए हैं।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न हॉस्टलों में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही भोजन, चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड, पर्याप्त रोशनी और महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय आवागमन के लिए परिवहन विभाग के माध्यम से छह बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
महोत्सव स्थल पर प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए चौपाटी एवं झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी। विभागीय अधिकारियों को सभी जिलों के साथ समन्वय बनाकर प्रतिभागियों के आवास, भोजन और आयोजन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस आयोजन के जरिए प्रदेश के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।