84 महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपये आवंटित, इंटर्नशिप नीति से विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक अनुभवरायपुर, छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए राज्य सरकार ने बजट में बड़ी बढ़ोतरी की है। उच्च शिक्षा विभाग का बजट वर्ष 2023-24 के 1,277 करोड़ रुपये से बढ़कर 2026-27 में 1,816 करोड़ रुपये हो गया है। यानी इसमें करीब 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 13 नए शासकीय महाविद्यालय भी शुरू किए गए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नवा रायपुर के संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के साथ कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इंटर्नशिप और अंग्रेजी संवाद कौशल पर जोर
प्रदेश में जुलाई 2024 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू है। वहीं, विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव देने के लिए इंटर्नशिप नीति-2026 तैयार की गई है। इसके तहत स्नातक के छठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में 60 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में 90 घंटे का अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स चलाया जा रहा है, जिसमें करीब 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं।
अधोसंरचना और नए कॉलेजों का विस्तार
मंत्री ने बताया कि 84 महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 13 कॉलेजों में छात्रावास, 33 में अतिरिक्त कक्ष, 10 में बाउंड्रीवॉल और 50 महाविद्यालयों में अतिरिक्त शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी गई है। पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए 13 नए शासकीय महाविद्यालयों के लिए 391 नए पद भी सृजित किए गए हैं। इस अवधि में कॉलेजों में 3,356 अतिरिक्त सीटों की अनुमति दी गई है।
भर्ती, पदोन्नति और शोध को बढ़ावा
उच्च शिक्षा विभाग में शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए 364 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक और 151 पदोन्नत प्राध्यापकों को स्नातक प्राचार्य के पद पर पदोन्नति दी गई है। वहीं, 595 प्राध्यापक पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया लोक सेवा आयोग में चल रही है। प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 और प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों पर भर्ती की गई है। शोध को प्रोत्साहित करने के लिए 577 पीएचडी अनुमतियां भी प्रदान की गई हैं।
विश्वविद्यालयों और डिजिटल सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण
प्रदेश के नौ राजकीय विश्वविद्यालयों को चार वर्षों में 264.97 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। वहीं, 43 नए निजी महाविद्यालयों को खोलने की अनुमति दी गई है। डिजिटल सुविधाओं के तहत विद्यार्थियों के रिकॉर्ड के लिए ‘एचई ऑनलाइन’ प्रणाली और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ‘ई-ज्ञानार्जन’ मोबाइल एप शुरू किया गया है। इसके साथ ही कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ई-ऑफिस लागू किया जा रहा है।
मंत्री वर्मा ने बताया कि रूसा के तहत 86 शैक्षणिक संस्थानों में करीब 400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। पीएम-उषा के तहत 21 संस्थानों की स्वीकृत परियोजनाओं पर भी काम जारी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, शोध और डिजिटल नवाचार के जरिए प्रदेश के युवाओं के लिए बेहतर भविष्य तैयार किया जा रहा है।