‘मिशन उल्लास 100’ के तहत 15 दिसंबर तक असाक्षरों की होगी पहचान, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक संभालेंगे जिम्मेदारीरायपुर,छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लिए सरकार ने ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेशभर के गांवों और शहरी वार्डों में घर-घर जाकर सघन सर्वेक्षण किया जाएगा। इस दौरान 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के शेष असाक्षर व्यक्तियों की पहचान की जाएगी।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों और जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्षों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सर्वेक्षण में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी भाग लेंगे। असाक्षरों की पहचान के लिए मतदाता सूची, राशन कार्ड, मनरेगा मस्टर रोल और पिछली साक्षरता महापरीक्षा में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण रहे शिक्षार्थियों की सूची का भी उपयोग किया जाएगा।
5 से 6 लोगों के समूह में लगेंगी साक्षरता कक्षाएं
चिन्हांकित असाक्षरों का विवरण मोबाइल एप में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद सुविधानुसार 5 से 6 शिक्षार्थियों के छोटे समूह बनाकर साक्षरता कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन केंद्रों में 200 घंटे का निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। अभियान में विद्यार्थियों के साथ एनसीसी, स्काउट, जनप्रतिनिधियों और पहले साक्षरता महापरीक्षा में सफल हो चुके नवसाक्षरों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैगलेस डे पर स्कूलों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर स्कूलों में उल्लास आधारित नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। गांवों और मोहल्लों में जागरूकता नारों का दीवार लेखन भी कराया जाएगा। सर्वेक्षण का दायरा ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ पारा-टोलों, जेलों और नक्सली पुनर्वास केंद्रों तक रखा गया है, ताकि कोई भी असाक्षर व्यक्ति छूट न जाए।
इस तारीख तक पूरा होगा अभियान का सर्वे और सत्यापन
मिशन उल्लास 100 के लिए चरणबद्ध समय-सारणी तय की गई है। 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक घर-घर सर्वेक्षण और असाक्षरों का चिन्हांकन होगा। 15 से 25 दिसंबर तक छूटे हुए परिवारों का सत्यापन, ग्रामसभा में सूची का सार्वजनिक वाचन और घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। वहीं 25 से 31 दिसंबर तक प्रत्येक गांव और वार्ड के 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 31 दिसंबर से साक्षरता महापरीक्षा तक उल्लास केंद्रों में नियमित कक्षाएं और परीक्षा की तैयारी जारी रहेगी।
अभियान की निगरानी के लिए कलेक्टरों को साप्ताहिक बैठकों में सर्वेक्षण, साक्षरता कक्षाओं और महापरीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जनभागीदारी के जरिए प्रदेश के शेष असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाया जाए।