ICC कमांड ने जारी किए 1,362 अलर्ट, अवैध परिवहन और भंडारण पर कार्रवाई; जब्ती में जशपुर सबसे आगे रायपुर,छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध परिवहन, भंडारण और बिचौलियों के जरिए धान खपाने वालों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था ICC कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) की मदद ली जा रही है। इसकी निगरानी में अब तक प्रदेशभर में 40,453 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। वहीं संदिग्ध गतिविधियों को लेकर 1,362 अलर्ट जारी किए गए हैं, जिनमें से 122 का निराकरण किया जा चुका है। 23 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार ICC कमांड के जरिए प्रदेश के धान खरीदी केंद्रों और संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य वास्तविक किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करना और अवैध तरीके से धान खपाने वालों की पहचान करना है। रिपोर्ट में 8 मिलों के भौतिक सत्यापन का भी उल्लेख किया गया है। जशपुर में सबसे ज्यादा धान जब्त जिला स्तर पर जब्ती की कार्रवाई में जशपुर 12,103 क्विंटल धान के साथ सबसे आगे है। इसके बाद महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान जब्त किया गया है। वहीं बलरामपुर में 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव में 2,798 क्विंटल, रायगढ़ में 2,528 क्विंटल और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान की जब्ती हुई है। कांकेर में सबसे ज्यादा अलर्ट, कई जिलों में हुआ निराकरण ICC कमांड की निगरानी में कांकेर जिले में सबसे ज्यादा 186 अलर्ट दर्ज किए गए हैं। राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट जारी हुए हैं। वहीं बालोद में 89 में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 और रायपुर में 6 में से 2 अलर्ट का निराकरण किया गया है। कोरिया जिले में दर्ज तीनों अलर्ट का निराकरण हो चुका है। 9 दिनों में 4.43 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी 26 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक धान खरीदी के नौवें दिन तक प्रदेश के 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91,746 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। इस दौरान कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। राज्य सरकार का कहना है कि ICC कमांड के जरिए तकनीक और प्रशासनिक समन्वय से खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा रहा है। अलर्ट के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच और धान जब्ती की कार्रवाई की जा रही है, ताकि समर्थन मूल्य का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे और व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *