बुजुर्ग को श्रवण यंत्र, बच्चों के उपचार और जरूरतमंद बेटी की पढ़ाई के लिए दिया सहायता का भरोसा रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ मानवीय संवेदनाओं की झलक भी देखने को मिल रही है। प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से पहुंचे जरूरतमंदों की समस्याएं सुनकर मुख्यमंत्री ने कई मामलों में तत्काल सहायता के निर्देश दिए। बुजुर्गों, बच्चों और आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे परिवारों को राहत पहुंचाने की पहल के जरिए जनदर्शन शासन और जनता के बीच संवाद का माध्यम बन रहा है। जनदर्शन के दौरान कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर ने अपनी सुनने की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की पहल की। वहीं छह वर्षीय अयांश के पैरों के उपचार और तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के बेहतर इलाज के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इन पहलों से जरूरतमंद परिवारों को उपचार की उम्मीद मिली है। बेटी की पढ़ाई के लिए भी बढ़ाया मदद का हाथ जशपुर की फरहीन अपने पिता के निधन के बाद आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी स्थिति को समझते हुए शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा दिया। इसके अलावा जनदर्शन में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, जरूरतमंदों को आर्थिक मदद और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के उपचार के लिए भी पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही बेटियों को भी प्रोत्साहित किया है। उनका कहना है कि युवाओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए अवसर और सहयोग मिलना चाहिए। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर मिल रहा है। जनदर्शन में सामने आए ये मामले बताते हैं कि नागरिकों की व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल कितनी महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिले और उनकी समस्याओं का निराकरण हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *