मुख्य सचिव विकासशील की उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया संविधान की उद्देशिका का पाठ रायपुर, संविधान दिवस के अवसर पर मंत्रालय महानदी भवन में भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। मुख्य सचिव विकासशील की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान की उद्देशिका का वाचन करवाया। सभी ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को दोहराया। सामूहिक वाचन के दौरान सभी ने संविधान की प्रस्तावना में व्यक्त संकल्प को दोहराते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रत्येक नागरिक की गरिमा बनाए रखने के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। यह दिवस नागरिकों को संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का अवसर प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *