रायपुर, धान के कटोरे के रूप में पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ अब अपने पारंपरिक कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी में है। प्रदेश के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे सुगंधित चावलों की वैश्विक पहचान मजबूत करने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में प्रदर्शित करने, विदेशी खरीदारों से संपर्क बढ़ाने और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने पर चर्चा की। संस्था ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर यहां के पारंपरिक कृषि उत्पादों को वैश्विक व्यापार मंचों पर प्रचारित करने में सहयोग की बात कही। इस पहल से प्रदेश के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को पहले ही भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी ब्रांडिंग से पारंपरिक धान की किस्मों को पहचान मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मूल्य मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। बार्सिलोना में हुई यह चर्चा इसी दिशा में एक पहल मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और विदेशी खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित होने से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार खुल सकते हैं। इससे प्रदेश की पारंपरिक कृषि विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *