पुरखौती मुक्तांगन में तीन दिवसीय साहित्य उत्सव, साहित्यकारों, संपादकों और विद्वानों को समिति में मिली जिम्मेदारी

रायपुर,  छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के लिए राज्य शासन ने आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है। जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह साहित्य उत्सव आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित किया जाएगा।

गठित सलाहकार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह, साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर और साहित्य परिषद दिल्ली के मनोज कुमार को शामिल किया गया है।

रायपुर साहित्य उत्सव का उद्देश्य साहित्यिक संवाद, विचार-विमर्श और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ साहित्यकारों और पाठकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

तीन दिवसीय इस आयोजन को व्यापक और प्रभावी स्वरूप देने में सलाहकार समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साहित्य उत्सव के माध्यम से प्रदेश की साहित्यिक परंपराओं, रचनात्मक अभिव्यक्तियों और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *