रायपुर, छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल रामगढ़ को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ में अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ में श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्रवासियों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ा संकल्प है। कुछ समय पहले मंदिर निर्माण की घोषणा और भूमिपूजन किया गया था। अब इस संकल्प को धरातल पर आकार लेते देखना सुखद है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा और आदर्श जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। मंदिर निर्माण से क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। रामगढ़ ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां स्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं प्राचीन कला और सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। रामगढ़ पर्वत का संबंध भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण से जुड़ी लोकमान्यताओं से भी है। इसके साथ ही इस स्थल को महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा से भी जोड़ा जाता है। मंत्री ने कहा कि रामगढ़ में श्रीराम मंदिर का निर्माण धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा करेगा। मंदिर बनने के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय व्यापारियों, छोटे व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकेगा। पर्यटक मंदिर दर्शन के साथ क्षेत्र की प्राचीन गुफाओं, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद ले सकेंगे। निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मंदिर निर्माण में गुणवत्ता, धार्मिक गरिमा और स्थापत्य सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से मंदिर निर्माण का कार्य जल्द पूरा होगा। यह मंदिर सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *