रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की शुरुआत की।
56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
धनोरा में शुरू हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। अब लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। इससे गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार मिलने में मदद मिलेगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से किसानों को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्थानीय किसानों की मेहनत और परंपरागत कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। इस पहल के तहत ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा पारंपरिक तरीके से उत्पादित धान को बाजार से जोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन की पहल पर धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे नए ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने और बिचौलियों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
बिहान की महिलाएं संभालेंगी प्रसंस्करण से विपणन तक की जिम्मेदारी
इस पहल में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी दी गई है। स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं इन गतिविधियों में भागीदारी निभाएंगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार और कृषि आधारित उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे।
पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के ग्रामीण पेन खण्डा मुदिया को अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री के सिर पर साफा बांधकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।