11 खेल विधाओं में हो रही प्रतियोगिताएं, विकासखंड स्तर पर 18,551 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्साबस्तर में शांति और सुरक्षा से युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसर – केदार कश्यप
दंतेवाड़ा, बस्तर अंचल के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक के तहत दंतेवाड़ा में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। हाई स्कूल खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं के अंतर्गत कुल 1,058 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने तीरंदाजी और बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
शुभारंभ अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में शांति और सुरक्षा का बेहतर वातावरण बनने से युवाओं के लिए नए अवसरों और संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में युवाओं को खेलों से जोड़ने, बेहतर प्रशिक्षण देने और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने और शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि 1 से 4 नवंबर तक आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं में कुल 18,551 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें 9,251 पुरुष और 9,300 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। आंकड़े खेल आयोजनों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाते हैं।
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।