मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गरीबी में आई इस कमी पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता से देश में लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उनके नेतृत्व में गरीबों के उत्थान और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों लोगों का गरीबी से बाहर आना विकास और गरीब कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।