रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का दो दिवसीय आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 20 और 21 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी शोध परियोजनाओं और नवाचारी मॉडलों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 156 शोध परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं, जिनका 15 विषय विशेषज्ञों ने मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वरिष्ठ वर्ग के 10 और कनिष्ठ वर्ग के 6 सहित कुल 16 बाल वैज्ञानिक समूहों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया।

समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। बच्चों को अपने आसपास होने वाली घटनाओं को समझने, सवाल पूछने और उनके समाधान खोजने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करना ही सफलता नहीं है, बल्कि नई सोच के साथ किसी समस्या का समाधान खोजना भी एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने बच्चों को वैज्ञानिक पद्धति से शोध करने और समाज की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ रखा गया था। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास में भारतीय ज्ञान प्रणालियों के उपयोग जैसे पांच उपविषयों पर विद्यार्थियों ने शोध प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने परियोजनाओं का मूल्यांकन करने के साथ ही बच्चों को शोध की गुणवत्ता और प्रस्तुतीकरण बेहतर बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम में डॉ. मंजू सिंह ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया, वहीं प्रो. मोहनलाल सतनामी ने रसायन विज्ञान की मूल अवधारणाओं को रोचक तरीके से समझाया।

राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित 16 बाल वैज्ञानिक समूह 5 से 8 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी के लिए दो बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। आयोजन के दौरान बस्तर, कुरुद, गरियाबंद, मनेन्द्रगढ़, पत्थलगांव, दंतेवाड़ा, दुर्ग, सूरजपुर, पेंड्रा, राजिम, बिलासपुर, बलौदाबाजार, सरगुजा, नारायणपुर और पखांजुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *