छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। राज्य के अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में देशभर में पहला स्थान हासिल किया। इसी श्रेणी में दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद दूसरे स्थान पर रही। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों में बिलासपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना सुशासन, बेहतर क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी प्रयासों का परिणाम है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ ने शहरी आजीविका को मजबूत करने और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के अपने प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।