रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं ने अपनी प्रतिभा से प्रदेश का मान बढ़ाया है। इन युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि जशपुर को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रशिक्षण के लिए तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का चयन किया गया है। दिसंबर 2026 में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफल होने पर चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।
इन युवाओं ने इससे पहले भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान जशपुर की टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल चढ़ाई की थी। इस दौरान टीम ने एक नया पर्वतीय मार्ग तैयार किया, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ नाम दिया गया।
जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें पहाड़ी बकरा एडवेंचर संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार अभ्यास और मार्गदर्शन के चलते स्थानीय युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण और प्रमाणन मिलने से जशपुर साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। इससे क्षेत्र में प्रशिक्षित गाइडों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार तथा पर्यटन उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।
जशपुर की पहाड़ियां, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन की व्यापक संभावनाएं रखती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित गाइडों की टीम तैयार होने से जिले में रॉक क्लाइंबिंग सहित अन्य एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे जशपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।