छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 4 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का निर्धारित प्रारूप विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे। सभी कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार होंगे। निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को प्रत्येक जिले या संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा। हालांकि, निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक योग्यता, अन्य पात्रता शर्तों, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और आवेदन अमान्य होने से संबंधित सभी जानकारियां विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़े नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *