रायपुर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक और 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी। कक्षा 12वीं की परीक्षा हिंदी विषय के साथ 12 मार्च को शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान और रसायन शास्त्र, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। वहीं 3 अप्रैल को इतिहास और व्यवसाय अध्ययन, 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। अन्य विषयों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। इसी तरह 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के विषयों के साथ शुरू होगी। 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। इसके अलावा 1 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा 5 अप्रैल को विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए निर्धारित विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष की समय-सारणी भी जारी की है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होंगी। परीक्षा संबंधी निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9.05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं और 9.10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। उत्तर लिखने के लिए सुबह 9.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी और अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि के दौरान सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *