रायपुर, छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी जारी है। इस बीच सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की एक समान आदान सहायता दी जा रही है। खास बात यह है कि प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता का लाभ मिलेगा। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के साथ-साथ लघु, सीमांत और जनजातीय अंचलों के किसानों को राहत मिलेगी।

धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को पर्याप्त बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही धान के उठाव और भंडारण की नियमित निगरानी करने को कहा गया है, ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश के करीब 3100 सहकारी उपार्जन केंद्रों को सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है। खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है। किसान घर बैठे तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से भी धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अलावा सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अधिकारियों को किसानों के भुगतान के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से निर्धारित गुणवत्ता का धान खरीदने और अल्पकालीन कृषि ऋणों की जानकारी समय पर कंप्यूटर में दर्ज करने को भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *