मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस पर किया बोनस वितरण का शुभारंभ
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि (बोनस) वितरण का शुभारंभ किया। संग्रहण वर्ष 2024 में लाभ अर्जित करने वाली 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 4 लाख 25 हजार 507 संग्राहकों को कुल 62.27 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण वनांचल में रहने वाले लाखों आदिवासी और परंपरागत वनवासी परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। राज्य सरकार संग्राहकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रयास कर रही है।
देश में सर्वाधिक 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक
प्रदेश में लगभग 13.50 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार पंजीकृत हैं। सरकार की ओर से तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक दिया जा रहा है। संग्रहण वर्ष 2026 में 11.53 लाख संग्राहक परिवारों ने कुल 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया, जिसके एवज में 761.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
बोनस के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी लाभ
संग्रहण वर्ष 2023 में लाभ अर्जित करने वाली समितियों के 7.12 लाख संग्राहकों को जुलाई 2026 में 161 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक दिया गया था। अब वर्ष 2024 की लाभांश राशि के रूप में 62.27 करोड़ रुपये के बोनस वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके अलावा राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वर्ष 2026 में अब तक 1,556 प्रकरणों में 21.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, 300 नए प्रकरणों में 3.60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी वितरित की जा रही है।