छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसके लिए धमतरी जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। इनसे करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी की तैयारी है।

किसानों को राहत देते हुए राज्य सरकार ने घोषणा की है कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से आदान सहायता मिलेगी। इस फैसले से खासकर कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों और जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर परीक्षण किया गया है। इसमें तौल उपकरण, बारदाने, कंप्यूटर, इंटरनेट, बिजली, कर्मचारियों और धान के सुरक्षित भंडारण जैसी व्यवस्थाओं की जांच की गई। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, तारपोलिन और जल निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

आमदी उपार्जन केंद्र में 1,318 किसान पंजीकृत हैं। यहां कुल 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं, जिनमें 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदाने शामिल हैं। केंद्र में 2.638 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र और 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित है। इसके अलावा पेयजल, इन्वर्टर, तारपोलिन और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों में समर्थन मूल्य, एफएक्यू गुणवत्ता मानकों और धान के नमूनों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। निगरानी समितियों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *