भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी आयोजन स्थल पहुंचे। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली और आवागमन सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी प्रदर्शित होंगी।

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे नायकों का योगदान देश की स्वतंत्रता और सामाजिक स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। आदिवासी समाज उन्हें ‘धरती आबा’ के नाम से सम्मान देता है। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है।

इस दौरान अरुणधर दीवान, जगन्नाथ पाणिग्राही, गोपाल अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *