भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देशसेवा का सपना देख रहे युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए धमतरी में 15 नवंबर को अग्निवीर महा-मैराथन का आयोजन किया जाएगा। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र एवं मिलिट्री एकेडमी धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 1600 मीटर की दौड़ होगी। आयोजन सुबह 5 बजे से इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा।
इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है, ताकि वे आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 100 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 4 बजे से 5 बजे तक ही होगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5001 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 3001 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1001 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र एवं मिलिट्री एकेडमी के निदेशक तथा पूर्व सैनिक और आर्मी इंस्ट्रक्टर जीवन राम निषाद ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड और अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा का प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य है। निर्धारित दस्तावेजों के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आयोजकों ने अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। वहीं, जिन युवाओं का सेना में मेडिकल परीक्षण होना है, उन्हें अपने साथ सुबह का नाश्ता और आवश्यक भोजन लेकर आने की सलाह दी गई है।