31 दिसंबर तक पुराने जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण करने का लक्ष्य रायपुर, छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहे, बल्कि मादक पदार्थों की सप्लाई, परिवहन और बिक्री से जुड़े बड़े तस्करों व वित्तीय सहयोगियों की भी पहचान की जाए। बैठक में उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की कुर्की, तस्करी में इस्तेमाल वाहनों के राजसातीकरण और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती करने को कहा। मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 31 दिसंबर 2026 तक छह माह से अधिक पुराने जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया जाए, जिनके निस्तारण की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। साथ ही एनडीपीएस मामलों की जांच और अभियोजन में तेजी लाने तथा नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। नशे से जुड़े अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में गृह विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *