मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले में 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने 24.29 करोड़ रुपये के 63 कार्यों का लोकार्पण और 208.20 करोड़ रुपये के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर नगर पंचायत में 2.70 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख और वार्ड 10, 11 व 12 से विश्रामगृह तक करीब दो किलोमीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये शामिल हैं।

जल संरक्षण के क्षेत्र में सूरजपुर की उपलब्धि की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जल संचय जनभागीदारी अभियान में जिला प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर है। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के 2,212 कार्यों पर 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, प्रधानमंत्री जनमन योजना और तेंदूपत्ता संग्रहण की बढ़ी हुई पारिश्रमिक दर सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा में विकास, पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सरलता से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *