रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ टीम की सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की हो गई है।
मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल कर न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिलाई। उन्होंने इसके बाद एक और गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में ओलंपिक पदक विजेता सुरेंद्र ने शानदार बचाव करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, चिराग ने तीसरे क्वार्टर के अंत में अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। मुकाबले के अंतिम चरण में केतन कुशवाहा ने शानदार टोमाहॉक गोल कर न्यायधानी नाइट्स की जीत 4-1 से सुनिश्चित कर दी।
शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। न्यायधानी नाइट्स अब 27 अक्टूबर को चक्रधर चैंपियंस से भिड़ेगी, जबकि बैलाडीला बुल्स का अगला मुकाबला 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा।