रायपुर, छत्तीसगढ़ के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तीसरे मुकाबले को देखने स्टेडियम पहुंचे और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन गौरव की बात है। इससे छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख प्रदेश की युवा बेटियों में भी क्रिकेट और अन्य खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकें। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना है। स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने के बाद यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले भी नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला का आयोजन प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख आयोजन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेल आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचाते हैं। ऐसे आयोजनों से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ती हैं तथा रोजगार के नए अवसर बनते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक अधोसंरचना से युक्त शहर बनाने के साथ प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके लिए खेल सुविधाओं के विस्तार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की टीमों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री को मजबूत करेगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *