रायगढ़। शहर में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परियोजनाओं में नागरिकों की सुविधाओं के साथ भविष्य की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। साथ ही नियमित निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
कैनाल लिंक रोड से यातायात होगा आसान
जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड के पूरा होने से केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू और ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। वित्त मंत्री ने सड़क निर्माण में तेजी लाने, सीमांकन सहित जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने और सड़क निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण कार्यों में समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बोइरदादर स्टेडियम में बनेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
बोइरदादर स्टेडियम में ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए ओ.पी. चौधरी ने काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबा हटाने और परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया।
तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण, ऑक्सीजोन में मिलेंगी सुविधाएं
फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा। मिट्ठूमुड़ा में स्थानीय नागरिकों की मांग पर मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता देने की बात भी कही। वहीं, किसान राइस मिल परिसर में विकसित हो रहे ऑक्सीजोन में ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र जैसी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं, जिससे नागरिकों को हरित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ को शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति का आकलन करने को जरूरी बताया। इस दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।