रायपुर, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी है। चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आवेदन ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कार्यरत पात्र व्यक्ति और संस्थाएं कर सकती हैं। इस पुरस्कार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसरों को मजबूत करना है। इसके तहत होमस्टे, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा समुदाय आधारित पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पुरस्कार प्रतिवर्ष राज्योत्सव एवं राज्य स्थापना दिवस अलंकरण समारोह में दिया जाएगा और किसी व्यक्ति या संस्था को जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। प्रविष्टियों का मूल्यांकन छह प्रमुख श्रेणियों में किया जाएगा। इनमें एथनिक, ईको, धार्मिक, हेरिटेज, एडवेंचर तथा मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म शामिल हैं। मूल्यांकन में पर्यटन गतिविधियों के विकास, होमस्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय रोजगार सृजन, पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे विशिष्ट अनुभव, पर्यटन स्थलों के संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा। आवेदन के साथ आवेदक को निर्धारित प्रारूप में परिचय, पता और फोटोग्राफ के साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवास का प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की सत्यापित प्रति देनी होगी। इसके अलावा ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, अन्य प्राप्त सम्मानों की जानकारी और उपलब्ध होने पर प्रकाशित सामग्री या समाचार-पत्रों में प्रकाशित खबरों की सत्यापित प्रतियां संलग्न की जा सकती हैं। पुरस्कार स्वीकार करने की लिखित सहमति भी देनी होगी। प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण छह सदस्यीय जूरी द्वारा किया जाएगा। जूरी की कार्यवाही गोपनीय रहेगी और चयन के संबंध में अपील का प्रावधान नहीं होगा। शासकीय सेवकों के आवेदन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की पूर्व अनुमति जरूरी होगी। चयन प्रक्रिया में ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और समर्पित प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, द्वितीय तल, उद्योग भवन, रिंग रोड नंबर-1, रायपुर (छत्तीसगढ़)-492001 के पते पर भेजना होगा। आवेदन 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पते पर पहुंचना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 73545-80006 या ई-मेल scmpctb@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *