रायपुर, कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से मोबाइल पर संपर्क कर हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली। विजय शर्मा ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हाइवे पेट्रोलिंग वाहन लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रहा है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाकर अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई का ब्योरा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों के माध्यम से भी पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों की नियमित जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा कि हाइवे पर पेट्रोलिंग व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर सड़क पर दिखाई देना चाहिए। सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को लेकर उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विजय शर्मा ने कहा कि सड़क पर पशुओं के रहने से गौवंश की जान को खतरा रहता है और वाहन चालकों तथा यात्रियों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय कम दृश्यता के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है। इसलिए पेट्रोलिंग दल लगातार मार्ग की निगरानी करे और पशु दिखाई देने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाया जाए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *