बिलासपुर, अरपा नदी में शहर के नालों से पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के लिए अब व्यापक योजना तैयार की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार के लिए विस्तृत कार्ययोजना और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टोरेट में हुई समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से अरपा में मिलने वाले नालों की स्थिति और उनके जरिए नदी में पहुंच रहे पानी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नालों का दूषित पानी सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए स्थायी समाधान जरूरी है। इसके लिए हर नाले की स्थिति, पानी की मात्रा और उपचार की जरूरत का अलग-अलग आकलन किया जाए। प्रमुख सचिव ने डीपीआर तैयार करते समय तकनीकी व्यवहार्यता, भविष्य की जरूरतों और योजना के दीर्घकालीन प्रभावों को ध्यान में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पानी सबसे महत्वपूर्ण संसाधनों में से एक होगा, इसलिए नदी और दूसरे सतही जल स्रोतों की स्वच्छता व संरक्षण पर अभी से गंभीरता से काम करना जरूरी है।

स्वच्छता और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी जोर

बैठक में शहर की सफाई और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। प्रमुख सचिव ने स्वच्छता व्यवस्था में लगातार सुधार बनाए रखने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। यातायात को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों को स्वीकृत विकास और निर्माण कार्यों को तय समय में पूरा करने तथा गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए गए। नगरीय परियोजनाओं को लंबे समय तक उपयोगी बनाने के लिए सौर ऊर्जा आधारित विकल्पों पर भी काम करने को कहा गया।

नालंदा परिसर और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा

बैठक में निर्माणाधीन एजुकेशन हब नालंदा परिसर की प्रगति भी देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि 500 लोगों की क्षमता वाले इस परिसर को आधुनिक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रथम तल का स्लैब पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे तल का करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। प्रमुख सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना और नगरीय अधोसंरचना के कामों की समीक्षा में बताया गया कि बिलासपुर में अधोसंरचना मद के तहत 542 कार्य स्वीकृत हैं। इनमें 334 पूरे हो चुके हैं, 182 कार्य चल रहे हैं और 26 अभी शुरू नहीं हुए हैं। प्रमुख सचिव ने लंबित और प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद सोनमणि बोरा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के साथ तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने आईटीएमएस की कार्यप्रणाली और संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था को उपयोगी बताते हुए शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुधारों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *