रायपुर, छत्तीसगढ़ में व्याख्याता और व्याख्याता एलबी (टी-संवर्ग) के पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए मंगलवार को ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। रायपुर के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक चली इस प्रक्रिया में 209 पात्र अभ्यर्थियों में से 193 शामिल हुए। इस तरह काउंसिलिंग में 92.34 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर विषयवार पदोन्नत अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई थी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद यह सूची 25 सितंबर 2026 को विभागीय पोर्टल पर अपलोड की गई थी।
काउंसिलिंग शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों को पूरी प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों से उनकी पसंद के विद्यालयों के लिए सहमति ली गई और पदस्थापना की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
विषयवार आंकड़ों की बात करें तो हिंदी के 74 अभ्यर्थियों में से 68 काउंसिलिंग में पहुंचे और सभी ने पदस्थापना के लिए सहमति दी। अंग्रेजी के 35 में से 29 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 24 ने सहमति दी, जबकि 3 ने असहमति जताई और 2 ने पदोन्नति लेने से इनकार कर दिया।
संस्कृत विषय में 50 में से 48 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए। इनमें 47 ने सहमति दी, जबकि एक ने पदोन्नति से इनकार किया। वहीं गणित के 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 46 ने सहमति दी, एक ने असहमति जताई और एक अभ्यर्थी ने पदोन्नति लेने से इनकार किया।
कुल 193 उपस्थित अभ्यर्थियों में से 185 ने पदस्थापना के लिए सहमति दी, जबकि 4 असहमत रहे और 4 ने पदोन्नति लेने से इनकार किया। 16 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे। काउंसिलिंग में शामिल अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए विद्यालयों में पदस्थापना के लिए पदांकन आदेश की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।