सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता में शामिल हुए मंत्री, गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिया स्वच्छ समाज का संदेश सरगुजा जिले के लखनपुर में गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता सेवा अभियान आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अभियान में सहभागिता करते हुए स्वयं श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को व्यक्ति और समाज के जीवन का अहम हिस्सा माना था। उनके विचार आज भी स्वच्छता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

स्वच्छता को आदत बनाने की अपील

राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे हमारी जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए सेवा की भावना को मजबूत करना है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना भी समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण सेवा है। स्वच्छ वातावरण लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए जरूरी है। मंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता को नियमित आदत बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। गांधी जयंती पर आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *