रायपुर, गांधी जयंती के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर के बाहर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राज्यपाल डेका ने लोक भवन परिसर में झाड़ू लगाकर कचरा एकत्रित किया और उसके उचित निपटान की प्रक्रिया में सहभागिता की। इस दौरान लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया।
स्वच्छता अभियान के दौरान परिसर में साफ-सफाई के साथ लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
राज्यपाल डेका ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर परिसर के साथ स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई रखने तथा कचरे का उचित निपटान करने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए इसमें सभी की भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा सहित लोक भवन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।