रायपुर, बस्तर क्षेत्र के युवाओं को खेल के जरिए आगे बढ़ने का मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए खिलाड़ियों का पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेगा। तीन चरणों में होने वाले आयोजन का ब्लॉक स्तर का चरण नवंबर में शुरू होगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इसमें हिस्सा ले सकें। प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है।
14 से 17 साल के खिलाड़ी भी ले सकेंगे हिस्सा
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं और सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
नवंबर-दिसंबर में तीन स्तरों पर आयोजन
पंजीयन पूरा होने के बाद प्रतियोगिताएं चरणबद्ध तरीके से होंगी। विकासखंड स्तर की स्पर्धाएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल समेत कई खेल शामिल किए गए हैं। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले होंगी। हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर शामिल किया गया है।
दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। पहले संस्करण में करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। वर्ष 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में पंजीयन बढ़कर 3.91 लाख हो गया। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पहले संस्करण के 13 और दूसरे संस्करण के 18 प्रतिभावान खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।